29 मई 2015 - 12:37
 सऊदी अरब में एक अन्य शिया मस्जिद के सामने धमाका, चार मरे

सऊदी अरब में एक अन्य शिया मस्जिद के सामने धमाका हुआ है।

सऊदी अरब में एक अन्य शिया मस्जिद के सामने धमाका हुआ है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब के पूर्वी नगर दम्माम की इमाम हुसैन मस्जिद में एक आत्मघाती विस्फोट हुआ जिसमें हमलावर सहित चार लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए हैं। रोएटर्ज़ के अनुसार शिया मुसलमानों के ख़िलाफ़ यह आतंकी हमला उस समय हुआ जब आत्मघाती हमलावर ने शियों की मस्जिद में घुसने की कोशिश की किंतु सुरक्षा बलों ने उसे दरवाज़े पर ही गोली मार दी। आत्मघाती आक्रमणकर्ता बुर्क़ा पहने हुए था और वह अपने आपको विस्फोटित करने में सफल रहा। अभी इस बारे में विस्तार से जानकारी नहीं मिल सकी है।
यह पहली बार नहीं है जब तकफ़ीरी आतंकियों ने सऊदी अरब के अत्याचार ग्रस्त शियों को अपने हमलों का निशाना बनाया हो। पिछले शुक्रवार को क़तीफ़ की एक शिया मस्जिद में हुए एक आत्मघाती आतंकी हमले में नमाज़े जुमा पढ़ रहे 21 शिया शहीद और 100 से अधिक घायल हो गए थे। इसी प्रकार पिछले साल नवीं मुहर्रम की रात को तीन अज्ञात लोगों ने अपनी गाड़ी से उतर कर अलहसा नगर में इमाम हुसैन का शोक मना रहे शियों पर अंधाधुंद फ़ायरिंग करके आठ लोगों को शहीद और 30 अन्य को घायल कर दिया था जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।